Mandi: अस्पतालों में डॉक्टर और दवाओं की कमी दूर करे सरकार, फिर रोबोटिक सर्जरी की बात : राकेश जम्वाल
रोबोटिक सर्जरी के दावे से पहले बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं दें सरकार : राकेश जम्वाल
मंडी: हिमाचल प्रदेश विधानसभा में स्वास्थ्य विभाग पर चर्चा के दौरान भाजपा विधायक एवं मुख्य प्रवक्ता राकेश जामवाल ने कहा कि सरकार करोड़ों रुपए की अत्याधुनिक मशीनों और रोबोटिक सर्जरी की बातें कर रही है लेकिन प्रदेश के अस्पतालों में आम गरीब मरीज को आज भी दवा, डॉक्टर, विशेषज्ञ चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
राकेश जम्बाल ने कहा कि आधुनिक तकनीक का भाजपा विरोध नहीं करती, लेकिन सरकार को यह प्राथमिकता तय करनी होगी कि रोबोटिक सर्जरी से पहले अस्पतालों में सामान्य सर्जरी, दवाइयां और डॉक्टर उपलब्ध हों।
उन्होंने कहा कि सरकार को विज्ञापनों और घोषणाओं की चमक से बाहर निकलकर अस्पतालों की वास्तविक स्थिति देखनी चाहिए। उन्होंने नेरचौक मेडिकल कॉलेज का उदाहरण देते हुए कहा कि यह संस्थान मंडी ही नहीं बल्कि कुल्लू, लाहौल-स्पीति और आसपास के बड़े क्षेत्र की स्वास्थ्य जरूरतों को पूरा करता है। ऐसे महत्वपूर्ण मेडिकल कॉलेज में यदि रेडियोलॉजी सहित अन्य विभागों में विशेषज्ञ चिकित्सकों और स्टाफ की कमी है तो सरकार को पहले उसे दूर करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि अत्याधुनिक तकनीक अपनी जगह उपयोगी है, लेकिन गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए सामान्य इलाज की सुविधा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने सरकार से पूछा कि यदि मरीज के पास महंगे इलाज का खर्च उठाने की क्षमता ही नहीं है तो केवल अत्याधुनिक मशीनें खरीदने से स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत कैसे होगी। भाजपा विधायक ने कहा कि एक तरफ सरकार करोड़ों रुपए की मशीनें खरीदने की घोषणाएं कर रही हैं। दूसरी तरफ अस्पतालों में उन्हें संचालित करने के लिए पर्याप्त विशेषज्ञ चिकित्सक और तकनीकी स्टाफ उपलब्ध नहीं है।