Mandi: नई सड़क से कमरूनाग यात्रा होगी सुगम, कम समय में ज्यादा जगहों की सैर संभव

कम समय में ज्यादा स्थानों पर घूमने की मिलेगी सुविधा

Update: 2025-04-29 07:23 GMT

मंडी: जनपद के अराध्य देव कमरूनाग के मंदिर तक पहुंचना अब और भी आसान हो गया है। सरोआ स्थित जालपा माता मंदिर से देव कमरूनाग मंदिर तक 8 किमी की सड़क बनकर तैयार हो गई है और इसे वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारू भी कर दिया गया है। सड़क काफी चौड़ी है और ऐसा बताया जा रहा है कि यह मार्ग देव कमरूनाग मंदिर तक पहुंचने का सबसे कम दूरी वाला मार्ग बन गया है। इस मार्ग के बनने से घाटी में एक नया टूरिज्म सर्किट भी जुड़ गया है जिसके तहत आप कम समय में जालपा देवी, देव कमरूनाग और शिकारी माता के दर्शन कर पाएंगे।

शिकारी देवी के लिए देव कमरूनाग से देवीदहड़ तक जाना होगा और वहां से फिर आगे शिकारी देवी मंदिर के लिए सड़क बन चुकी है। ग्राम पंचायत शिल्हणू के प्रधान हेम सिंह ठाकुर ने कहा कि इस सड़क के बनने से पूरा इलाका एक धार्मिक-पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित हो गया है, जिससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इस सड़क के बनने से केवल श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा, बल्कि कमरुघाटी और आस-पास के गाँवों के विकास के भी नए रास्ते खुलेंगे।

 जिन-जिन लोगों को इस मार्ग का पता चल रहा है वे इस रास्ते से देव कमरूनाग जाना उचित समझ रहे हैं। इस रास्ते से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव के साथ-साथ हिमालयी सौंदर्य का भी अद्भुत अनुभव देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु राहुल चौहान और संदीप शर्मा ने बताया कि उन्हें यह मार्ग काफी कम दूरी वाला और सुगम लगा। इसके माध्यम से सफर करके अधिक देव स्थानों के दर्शन करने का सौभाग्य मिल रहा है।

बता दें कि मंडी जनपद में देव कमरुनाग को वर्षा का देवता माना जाता है। इनका मंदिर समुद्रतल से 10938 फीट की उंचाई पर स्थित एक सुरम्य झील के किनारे पर है। यह हिमाचल का एक प्रमुख देव स्थान है जिसके साथ लाखों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। हर वर्ष जून महीने में यहां भव्य मेला सजता है जिसमें लाखों श्रद्धालु यहां आकर नतमस्तक होते हैं।

Tags:    

Similar News