मंडी: सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी में विद्यार्थियों की मूलभूत समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने एमसीए विभाग के विद्यार्थियों के साथ मिलकर विश्वविद्यालय के कुलपति का घेराव किया । घेराव से पहले विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने एमसीए विभाग, लोक प्रशासन विभाग, इतिहास विभाग तथा एमबीए विभाग में जाकर विद्यार्थियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली।

इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विभागों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं विद्यार्थी परिषद के समक्ष रखीं। एमसीए विभाग के विद्यार्थियों ने बताया कि विभाग में लगे वाटर कूलर खराब पड़े हैं तथा कई कक्षाओं में पर्याप्त पंखे नहीं हैं। विद्यार्थियों ने मांग रखी कि खराब वाटर कूलरों को जल्द ठीक करवाया जाए तथा कक्षाओं में आवश्यकता के अनुसार नए पंखे लगाए जाएं। विद्यार्थी परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सभी विभागों में मूलभूत सुविधाओं का उचित प्रबंध किया जाए और लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। एबीवीपी ने कहा कि विद्यार्थी परिषद सदैव छात्रहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही है । विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए आगे भी मजबूती से आवाज उठाती रहेगी।

इस अवसर पर एमएसीए, लोक प्रशासन, इतिहास एवं एमबीए विभाग के विद्यार्थियों सहित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विद्यार्थी परिषद ने अंत में कुलपति को ये भी कहा कि अगर इन मांगो को जल्द से जल्द पूरा नहीं किया तो विद्यार्थी परिषद समस्त छात्रों के साथ मिलकर बड़े से बड़े आंदोलन करेगी।

Tags: