Himachal Pradesh हिमाचल प्रदेश : नूरपुर थाना क्षेत्र की पंचायत भलून के गांव क्यारी में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में साढ़े चार वर्षीय मासूम की जब्बर खड्ड में बहने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल फैल गया।
मृत बच्चे की पहचान आविद खान पुत्र बिल्ला दीन, निवासी क्यारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्चे का परिवार जब्बर खड्ड के पास ही अस्थायी डेरा लगाकर पशुपालन का काम करता है और वहीं रह रहा था।
सोमवार को क्षेत्र में हुई मूसलधार बारिश के कारण खड्ड का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इसी दौरान मासूम खड्ड के किनारे खेल रहा था, तभी तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद परिजनों ने बच्चे को आसपास काफी देर तक तलाश किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ को भी बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद एनडीआरएफ की टीम ने बच्चे का शव नजदीकी क्षेत्र से बरामद किया। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया।
प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से बारिश के मौसम में नदी-नालों और खड्डों के आसपास सतर्क रहने की अपील की है, क्योंकि तेज बहाव के चलते ऐसे हादसों का खतरा बढ़ जाता है।
इस घटना ने एक बार फिर बरसात के मौसम में जलधाराओं के किनारे रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।