कड़ाके की ठंड में भी सैलानी बड़ी संख्या में मंगलवार को हिमाचल प्रदेश में अटल टनल नॉर्थ पोर्टल और सिस्सू पहुंचे और बर्फ में अठखेलियां कीं। लाहौल-स्पीति प्रशासन ने सैलानियों के लिए सिस्सू से आगे केलांग तक जाने की अनुमति दी है। सिस्सू से आगे मात्र दो घंटे तक ही पर्यटक सैर सपाटा कर सकेंगे। मनाली के सोलंगनाला से आगे की अनुमति भी सुबह दस से दोपहर दो बजे तक तय की है। टनल के आसपास के साथ लाहौल घाटी में बर्फ जमने से फिसलन का खतरा बना हुआ है।

ऐसे में प्रशासन और पुलिस किसी तरह का रिस्क नहीं लेना चाहता है। हालांकि मंगलवार को कुछेक पर्यटक वाहने सिस्सू से आगे केलांग के बीच निकले। लेकिन उन्हें 12 बजे से पहले ही वापस आना पड़ा। इसके लिए प्रशासन ने जगह-जगह पुलिस की तैनाती की है। पर्यटकों को लाहौल की वादियों में जमावड़ा लगा हुआ है। हर रोज बड़ी संख्या में सैलानी बर्फ से लदी वादियों को निहारने यहां पहुंच रहे हैं। मंगलवार को पर्यटकों ने नोर्थ पोर्टल, गुफा होटल और सिस्सू में खूब मस्ती की। अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल में सैलानियों की संख्या प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। यहां पर जमी बर्फ को देखकर पर्यटक बड़ी संख्या में टनल होकर लाहौल में प्रवेश कर रहे हैं।
उधर, केलांग-दारचा मार्ग पर हिमाचल पथ परिवहन निगम कोलोंग तक बस सेवा को बुधवार से चलाएगा। सड़क पर बर्फ जमने के चलते बस दारचा नहीं जाएगी। बस के स्किड होने के खतरे को देखते हुए एचआरटीसी कोलोंग तक ही बस सेवा को भेजेगा। मंगलवार को केलांग डिपो के अड्डा प्रभारी गोपेश ने अपने कर्मचारियों के साथ केलांग से कोलोंग तक सड़क का निरीक्षण किया है। इसमें पाया गया कि कोलोंग से आगे सड़क पर बर्फ भारी मात्रा में जमी है। इसके खतरे को देखते हुए एचआरटीसी ने कोलोंग तक बस सेवा को भेजने का निर्णय लिया है।
सोमवार को 12 घंटे के भीतर 4266 से अधिक वाहन अटल टनल से गुजरे हैं। इनमें राज्य के 2610 वाहन जबकि राज्य के बाहर के 1656 वाहन शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति मानव वर्मा ने कहा कि दोपहिया वाहनों को छोड़कर सभी प्रकार के पर्यटक वाहनों को सुबह दस से दोपहर दो बजे तक लाहौल घाटी में प्रवेश करने की अनुमति है।
दो बजे से पहले पर्यटकों को घाटी को छोड़कर मनाली लौटना होगा। कहा कि पर्यटक वाहनों को सिस्सू से आगे और केलांग तक केवल सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक यात्रा करने की अनुमति होगी। लाहौल और पांगी के स्थानीय लोगों और कर्मचारियों की आवाजाही पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा।
Tags: