Himachal Pradesh: चंबा जिले की द्रड्डा पंचायत में एक नाबालिग लड़की ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। लड़की के ऐसा कदम उठाने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट रोजनामचा में दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार द्रड्डा पंचायत के परिहार गांव की 17 वर्षीय लड़की अपने घर पर अकेली थी। इस दौरान उसने कमरे में पंखे की कुंडी पर दुपट्टे से फंदा लगाकर फांसी लगा ली। जब उसकी मां ड्यूटी से घर लौटी तो बेटी को फंदे से लटका देख उसके होश उड़ गए।
मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और नाबालिग लड़की को फंदे से नीचे उतारकर सीएचसी बाथरी ले गए। सीएचसी बाथरी में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर परिजनों के बयान दर्ज किए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। एसपी अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की है।
Tags: