Himachal Pradesh: देहरा के रानीताल के पास दरकाटा में गुरुवार सुबह लोहे की छड़ों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। इस हादसे में ट्रक चालक को मामूली चोटें आई हैं और उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हादसे के दौरान सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। करीब 50 लोडेड ट्रक वहां फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही रानीताल पुलिस मौके पर पहुंची और हल्के वाहनों को जाम से निकाला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब साढ़े आठ बजे ट्रक चालक तेज आवाज में हॉर्न बजा रहा था और अचानक ट्रक साइड से टकराकर बीच सड़क पर पलट गया। इस दौरान ट्रक का टायर भी फट गया। गनीमत रही कि उस समय वहां से कोई अन्य वाहन नहीं गुजर रहा था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। कुछ देर बाद हाइड्रा की मदद से ट्रक और लोहे की छड़ों को बीच सड़क से हटाया गया और यातायात सुचारू कराया गया। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।