Himachal Pradesh: नेशनल हाईवे पर आए दिन लोग हादसों में गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। वहीं, इन हादसों में कई लोग अपनी जान भी गंवा रहे हैं। ऐसा ही एक हादसा भराड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत डंगार के हरितल्याडगर के पास हुआ है, जहां एक व्यक्ति कार से टकरा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आपको बता दें कि यह हादसा नेशनल हाईवे 103 शिमला-मटौर पर रविवार देर शाम करीब 7 बजे हुआ, जब हमीरपुर की तरफ से एक कार आ रही थी।
जब कार हरितल्याडगर के पास पहुंची तो अचानक सड़क किनारे झाड़ियों से एक व्यक्ति निकलकर आया और कार से टकराकर सड़क किनारे गिर गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि साधु की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी देवानंद शर्मा ने बताया कि मृतक वेशभूषा से साधु लग रहा है, अभी उसकी पहचान नहीं हो पाई है। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है तथा सोमवार को उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
Tags: