Dharamshala क्रिकेट मैच के चलते पठानकोट–मंडी हाईवे पर भारी जाम, ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई

Update: 2026-06-13 10:43 GMT

Himachal Pradesh हिमाचल प्रदेश : पठानकोट–मंडी हाईवे पर शनिवार को मलां से नगरोटा बगवां, कछियारी से मटौर और कांगड़ा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। इस कारण मलां, नगरोटा बगवां, कछियारी, मटौर, कांगड़ा और गगल की ओर जाने वाले मुख्य मार्गों पर घंटों लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति यह रही कि कई स्थानों पर वाहन रेंग-रेंग कर चलते नजर आए, जबकि कुछ जगहों पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सुबह से ही सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ने लगी थी और दोपहर तक हालात और बिगड़ गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, धर्मशाला में भारत–अफगानिस्तान क्रिकेट मैच के कारण पहले से ही भारी भीड़ और यातायात दबाव की संभावना जताई जा रही थी। इसके बावजूद प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से कोई प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन योजना लागू नहीं की गई, जिससे स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।

यातायात व्यवस्था बिगड़ने के कारण यात्रियों, स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा। कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य से काफी अधिक समय लगा।

लोगों का कहना है कि मैच जैसे बड़े आयोजनों के दौरान पहले से विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाना चाहिए था, ताकि मुख्य सड़कों पर दबाव को नियंत्रित किया जा सके। लेकिन पर्याप्त प्रबंधन न होने के कारण पूरा क्षेत्र जाम की चपेट में आ गया।

पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा, लेकिन बढ़ते वाहनों के दबाव के आगे व्यवस्था कमजोर पड़ती नजर आई। कई जगहों पर ट्रैफिक को डायवर्ट करने की कोशिश की गई, लेकिन वह भी पूरी तरह सफल नहीं हो सकी।

फिलहाल स्थिति को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं, लेकिन घंटों की जाम की वजह से लोगों को भारी असुविधा झेलनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भविष्य में ऐसे आयोजनों के दौरान बेहतर यातायात योजना लागू करने की मांग की है, ताकि इस तरह की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।

Tags:    

Similar News