हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने 77 वां गणतंत्र दिवस मनाया। गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में तकनीकी विवि के कुलपति विनोद कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कुलपति ने सबसे पहले तकनीकी विवि में मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की। उसके बाद तकनीकी विवि परिसर में तिरंगा फहराया।
कुलपति ने संबोधित करते हुए कहा कि आज के दिन ही वर्ष 1950 में हमारे देश का संविधान विधिवत रूप से लागू हुआ है। इसी दिन भारत एक स्वतंत्र गणराज्य बना था। आज हम सभी यहां देश के 77 वें गणतंत्र दिवस मनाने के लिए एकत्रित हुए हैं। यह दिन केवल ध्वजारोहण का औपचारिक अवसर नहीं है, बल्कि यह उत्सव है हमारे लोकतंत्र का, हमारी स्वतंत्रता का और हमारे गौरवशाली संविधान का है। डॉ भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में बना हमारा संविधान दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान है। यह हमें न केवल नागरिक अधिकार देता है, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में मार्गदर्शन की भूमिका निभाता और दिखाता है। हमारा संविधान ही है, जो विविधता में एकता वाले इस देश को एक सूत्र में पिरोए रखता है, जिसके कारण हमें भारतीय होने का गर्व महसूस होता है।
उन्होंने कहा कि हमें अपने-अपने कार्य क्षेत्र में जो भी हमारी भूमिका रहेगी, उसे बखूबी पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ पूरा करने में योगदान देना है। इसमें हम सिर्फ नागरिकों के कर्तव्य, केवल अधिकारों की बात न करें, बल्कि सफाई, अनुशासन और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों पर भी जोर देना होगा और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा।
इस मौके पर तकनीकी विवि के कुलसचिव अनुपम कुमार ठाकुर, अधिष्ठाता शैक्षणिक डॉ राजेश कुमार, वित्त अधिकारी केवल कृष्ण शर्मा, अतिरिक्त परीक्षा नियंत्रक संजीवन मनकोटिया, उपकुलसचिव सुरेंद्र शर्मा, परियोजना अधिकारी अमित ठाकुर सहित अन्य अधिकारियों, प्राध्यापक, कर्मचारी व विद्यार्थी मौजूद रहे।