पश्मी में चालदा महासू महाराज के दर्शन करने पहुंचे राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता
हिमाचल में धार्मिक पर्यटन से खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते: कविन्द्र गुप्ता
नाहन: हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने बुधवार को शिलाई विधानसभा क्षेत्र के पश्मी स्थित श्री छत्रधारी चालदा महासू महाराज मंदिर में माथा टेका। उन्होंने प्रदेश और देशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि भारत की प्राचीन देव संस्कृति और सनातन परंपराएं सामाजिक समरसता, आध्यात्मिक शक्ति और सांस्कृतिक एकता का आधार हैं। उन्होंने इस समृद्ध विरासत को भावी पीढ़ियों के लिए संरक्षित करने की आवश्यकता बताई।
राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इनके विकास से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
उन्होंने प्रदेशवासियों से नशामुक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर हिमाचल के निर्माण के साथ विकसित भारत@2047 के संकल्प को साकार करने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।