Himachal Pradesh.हिमाचल प्रदेश: ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा पंचायती राज संस्थाओं को और सुदृढ़ करने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है। अनिरुद्ध आज कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के तहत जनेड़घाट में आयोजित पारम्परिक मेले बाबा सिद्ध भलावग में मुख्य अतिथि थे। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय लोगों को शुभकामनाएं दी तथा इस सांस्कृतिक विरासत को बचाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जनेड़घाट पंचायत को लगभग 50 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई है, जिससे विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की अन्य सभी मांगों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है तथा इस दिशा में उचित कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सभी सड़कें पक्की हों, इस दिशा में कार्य किया जा रहा है। लेकिन स्थानीय लोगों को सड़क कार्य के लिए कागजी कार्रवाई पूरी करनी चाहिए, ताकि कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न सड़कों को पक्का करने तथा सम्पर्क सड़कों के निर्माण का आश्वासन दिया ताकि क्षेत्र के लोगों को उचित परिवहन सुविधाएं मिल सकें।