Himachal Pradesh.हिमाचल प्रदेश: मंडी के पंडोह डैम के पास आज एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 महीने के बच्चे समेत पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा बाखली रोड पर हुआ, जब एक कार सड़क से उतरकर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान तरौर गांव के दुनी चंद (35), उनकी पत्नी कांता देवी (30), उनकी 8 महीने की बेटी किंजल, मंडी के नौन गांव के दहलू राम और नेपाल की मीना कुमारी के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ, जब वे एक शादी समारोह से लौट रहे थे। सूचना मिलने पर पंडोह पुलिस चौकी से पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को खाई से निकाला। मंडी की एसपी साक्षी वर्मा ने घटना की पुष्टि की और कहा कि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।