Dharamshala: पालमपुर में एयरो स्पोर्ट्स पर अस्थायी प्रतिबंध

Update: 2026-04-29 04:39 GMT

धर्मशाला: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 30 अप्रैल को प्रस्तावित पालमपुर दौरे के चलते पालमपुर और बैजनाथ उपमंडलों में पैराग्लाइडिंग, ड्रोन उड़ान, हाॅट एयर बैलूनिंग सहित सभी एयरो स्पोर्ट्स एवं हवाई गतिविधियों पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है। जारी आदेशों के अनुसार 30 अप्रैल को प्रातः 8 बजे से दोपहर एक बजे तक पालमपुर और बैजनाथ उपमंडलों में सभी प्रकार की एयरो स्पोर्ट्स एवं हवाई गतिविधियां पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगी। यह निर्णय राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।

जिला दंडाधिकारी कांगड़ा हेमराज बैरवा ने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान बड़ी संख्या में मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं अन्य विशिष्ट व्यक्तियों के पालमपुर आगमन की संभावना है, जिसके दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। जिला पुलिस तथा अन्य सुरक्षा एवं निगरानी एजेंसियों को सुरक्षा, सर्विलांस तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्रोन अथवा अन्य एरियल सर्विलांस उपकरणों के उपयोग की छूट रहेगी, पर इसकी पूर्व सूचना जिला प्रशासन को पुलिस अधीक्षक कांगड़ा के माध्यम से दी जाएगी।

गौरतलब है कि 30 अप्रैल को राष्ट्रपति चौधरी सरवन कुमार कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगी।

Tags:    

Similar News