Dharamshala: विभिन्न धर्मों की प्रार्थना में दलाई लामा की दीर्घायु की कामना
दीर्घायु की कामना को लेकर हवन-यज्ञ आयोजित
धर्मशाला: तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना को लेकर रविवार को हनुमान मंदिर, कचहरी अड्डा में विशेष प्रार्थना और हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। धर्मशाला हिंदू चैप्टर-धार्मिक सद्भाव एवं विश्व शांति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी ने अपनी-अपनी धार्मिक परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार प्रार्थना कर दलाई लामा के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में धार्मिक सद्भाव, करुणा, मैत्री, अहिंसा और विश्व शांति का संदेश दिया गया। विभिन्न धार्मिक परंपराओं के प्रतिनिधियों का एक मंच पर एकत्रित होना आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा। इस दौरान सभी धर्मों के प्रति सम्मान और मानव कल्याण की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य यजमान एवं हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि दलाई लामा का जीवन करुणा, प्रेम, अहिंसा और मानवीय मूल्यों का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि मानवता, धार्मिक सद्भाव और विश्व शांति के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति का मूल मंत्र ‘वसुधैव कुटुंबकम’ है। आस्थाएं और पूजा पद्धतियां अलग हो सकती हैं, लेकिन मानवता, प्रेम और करुणा का भाव सभी को जोड़ता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तनाव और असहिष्णुता के बीच करुणा और शांति का संदेश और अधिक महत्वपूर्ण हो गया है। आने वाली पीढ़ियों को सभी धर्मों और संस्कृतियों का सम्मान करना सिखाना जरूरी है।
समारोह में हवन-यज्ञ और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से दलाई लामा के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की मंगलकामना की गई। आयोजकों ने कहा कि धर्मशाला हिंदू चैप्टर का उद्देश्य धार्मिक सद्भाव, आपसी सम्मान और विश्व शांति की भावना को बढ़ावा देना है। ऐसे आयोजन विभिन्न धार्मिक समुदायों के बीच संवाद और सहयोग को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।