धर्मशाला: ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु आज पंचायत समिति हॉल देहरा में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता विधायक कमलेश ठाकुर ने की।
बैठक में एसडीएम देहरा कुलवंत सिंह पोटन, एसईवीपीओं संजीव, पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक तथा ग्राम रोजगार सेवक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में समीक्षा के दौरान विधायक ने अधिकारियों को कहा कि जनहित के कार्य सर्वोपरि हैं और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद लोगों का कार्य किसी भी परिस्थिति में रुकना नहीं चाहिए तथा सभी विभागीय अधिकारी और पंचायत सचिव अपने दायित्वों का ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निर्वहन करें।
बैठक में मनरेगा, 15वें वित्त आयोग, आवास योजनाओं सहित अन्य विकासात्मक योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए और ग्राम स्तर पर कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर बनाना है और हर पंचायत को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
इस अवसर पर देहरा ब्लॉक के विभिन्न पंचायत क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की समस्याओं एवं प्रगति पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
इस दौरान उन्होंने पंचायत सचिवों और तकनीकी सहायकों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य नियमानुसार, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, जिससे ग्रामीण जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।