Dharamshala: जीएसटी उत्तरी क्षेत्र का कार्यालय नगरोटा में शुरू
"नगरोटा को मिली जीएसटी सौगात"
धर्मशाला: प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, नूरपुर, हमीरपुर, कुल्लू, लाहौल स्पिति यानी 6 जिलों का जीएसटी ऑडिट कार्य नगरोटा बगवां से चलेगा जो कि नगरोटा बगवा विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिये बड़े सम्मान की बात है। यह उद्गार मंगलवार को हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आर.एस. बाली ने संयुक्त आयुक्त, जीएसटी उत्तरी क्षेत्र के उप कार्यालय, कर लेखा परीक्षा इकाई पालमपुर स्थित नगरोटा बगवा कार्यालय का उद्घाटन करने के दौरान कहे।
उन्होंने कहा इस कार्यालय के नगरोटा में खुलने से नगरोटा के विकास को और रफ्तार मिलेगी। इस कार्यालय के खुलने से नगरोटा के लोगों को सुविधा होगी वहीं नगरोटा के लोगों को इसका आर्थिक लाभ भी होगा। उन्होंने कहा कांगड़ा जिला में पर्यटन कार्यालय खुलने के बाद अब एक और यह नया कार्यालय नगरोटा और कांगड़ा जिला को मिला है जिसके लिए उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा 102 अधिकारी कर्मचारी इस कार्यालय में तैनात होंगे जिसमें से 32 कर्मचारी यहां तैनात हो गए हैं।
इस से पूर्व संयुक्त आयुक्त राकेश भारतीय ने मुख्य अतिथि को इस कार्यालय के कार्य के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
आरएस बाली ने आज एचआरटीसी की बस को हरी झंडी दिखाकर लोगों को समर्पित किया। यह बस नगरोटा से वाया नीहुंडा, पधर, चामुंडा और बड़ोह रोड़, चामुंडा जायगी। उन्होंने कहा नीहुंडा, पधर के हजारों लोगों को इस बस का लाभ होगा और अब उनका जीवन पहले से और आसान होगा।