Dharamshala: पंचायत चुनाव पर मुख्यमंत्री को लेकर विवादित बयान

Update: 2026-04-22 10:03 GMT

धर्मशाला: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी विश्व चक्षु ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की राजनीति में एक बड़ा और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने साफ ऐलान किया है कि कांग्रेस पार्टी आगामी पंचायत चुनावों में अपने उम्मीदवार नहीं उतारेगी। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने सभी विधायकों को निर्देश दिए हैं कि वह इन चुनावों में किसी भी स्तर पर भागीदारी न करें।

उन्होंने कहा कि हालांकि इससे पहले सीएम सुक्खू ने जनता के बीच जाने के डर से पंचायत चुनाव टालने का हर प्रयास किया था। इसके बाद अब हार के डर से सीधे सीएम जनता व पंचायत चुनाव से भागने का ऐलान कर बैठे हैं।

बुधवार को जारी एक प्रेस बयान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी विश्व चक्षु ने कहा कि यह फैसला सीधी-सीधी हार का डर दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पंचायत लोकतंत्र की बुनियाद होती है और इसी स्तर से जनता का मूड समझ आता है। अगर नींव से ही भागेंगे, तो ऊपर की राजनीति कैसे टिकेगी।

विश्व चक्षु ने कहा कि कांग्रेस को पहले से ही अपनी संभावित हार का अंदेशा है, इसलिए उसने बिना लड़े ही मैदान छोड़ने का रास्ता चुना है। उन्होंने इसे राजनीतिक फजीहत से बचने की कोशिश बताया। इस मुद्दे पर अब बड़ा राजनीतिक सवाल खड़ा हो गया है कि क्या कांग्रेस भविष्य में भी इसी रणनीति पर चलेगी? क्या विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भी ऐसा ही रुख अपनाया जाएगा, या यह सिर्फ पंचायत स्तर तक सीमित निर्णय है।

Tags:    

Similar News