Dharamshala: आतंकवाद के खिलाफ ब्रिक्स का जीरो टॉलरेंस रुख : संजय शर्मा
ब्रिक्स सम्मेलन में आतंकवाद पर भारत की नीति को बल
धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने नई दिल्ली में संपन्न हुए 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के साझा घोषणा पत्र को भारत की बहुत बड़ी कूटनीतिक और वाणिज्यिक जीत करार दिया है। उन्होंने इसे सीमा पार आतंकवाद फैलाने वाली ताकतों और वैश्विक मंच पर भारत विरोधी एजेंडा चलाने वाले पाकिस्तान के लिए करारा झटका बताया है। सोमवार को जारी एक प्रेस बयान में संजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण आज दुनिया न केवल भारत की आतंकवाद-विरोधी नीति के साथ खड़ी है, बल्कि भारत के आर्थिक और व्यापारिक मॉडल का भी लोहा मान रही है।
उन्होंने कहा कि ब्रिक्स के 'नई दिल्ली घोषणा पत्र 2026' में आतंकवाद के सभी रूपों की कड़ी निंदा करते हुए सीमा पार आतंकवाद, आतंकी फंडिंग और आतंकियों को सुरक्षित पनाह देने वाले ठिकानों को खत्म करने का सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया है। यह सीधे तौर पर पाकिस्तान की आतंकी नीतियों पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय का करारा थप्पड़ है।
उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले का कड़े शब्दों में उल्लेख और निंदा करवाना भारत की बड़ी कूटनीतिक सफलता है। व्यापारिक मोर्चे पर भारत की पहल पर सभी ब्रिक्स देशों ने आपस में स्थानीय मुद्राओं में व्यापार बढ़ाने और डिजिटल भुगतान प्रणालियों को आपस में जोड़ने पर सहमति जताई है। इससे लेनदेन की लागत कम होगी और भारतीय व्यापारियों व उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में बड़ा फायदा मिलेगा।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भारत की अगुवाई में एकतरफा टैरिफ और व्यापारिक प्रतिबंधों का कड़ा विरोध किया गया। इसके साथ ही दुर्लभ खनिजों की निर्बाध और पारदर्शी आपूर्ति श्रृंखला स्थापित करने पर सहमति बनी, जिससे भारत के औद्योगिक और वाणिज्यिक सेक्टर को मजबूती मिलेगी।