Dharamshala: अपराध बढ़ने से लोगों में असुरक्षा की भावना : राकेश शर्मा

कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरा

Update: 2026-06-22 10:23 GMT

धर्मशाला: प्रदेश भाजपा प्रवक्ता राकेश शर्मा ने सुक्खू सरकार पर प्रदेश को आर्थिक बदहाली और बर्बादी की कगार पर धकेलने का आरोप लगाया है। सामेवार को धर्मशाला से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हिमाचल को दिवालियापन की ओर धकेल दिया है। कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को समय पर मासिक वेतन और पेंशन नहीं मिल रहा है। आउटसोर्स कर्मचारी महीनों से वेतन का इंतजार कर रहे हैं। पूर्व भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा गई लोकप्रिय हिम केयर व भारत आयुष्मान स्वास्थ्य योजनाओं को बंद या कमजोर कर दिया गया है, जिससे जरूरतमंदों को भारी परेशानी हो रही है।

भाजपा प्रवक्ता ने प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और खराब शासन का हवाला देते हुए सरकार पर अपने वादे पूरे करने में विफल रहने का आरोप लगाया हैं। उन्होंने कहा कि आज विकास पूरी तरह ठप है और मंत्री जनसेवा के बजाय केंद्र से मिलने वाली वित्तीय सहायता के बंटवारे को लेकर आपस में ही भिड़ रहे हैं, जो प्रदेश के लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू पर उनके ही नेता अपने पदों से त्यागपत्र देकर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हिमाचल जैसे शांत प्रदेश में हत्या, लूट और संगठित अपराधों में वृद्धि हुई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि खनन माफिया और वन माफिया खुलेआम काम कर रहे हैं, जिससे राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है। सुक्खू सरकार अंधाधुंध कर्ज लेकर फिजूलखर्ची कर रही है।

राकेश शर्मा ने कहा कि आज प्रदेश का कोई जिला ऐसा नहीं है, जहां सरकार के खिलाफ लगातार धरने प्रदर्शन न हो रहें हों। जगह-जगह सभी वर्गों के धरने प्रदर्शन हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार केवल और केवल भाजपा के ऊपर दोषारोपण करने में समय बिता रही है।

Tags:    

Similar News