शिमला: शिमला-मंडी नेशनल हाईवे पर धामी के पास घंडल में गुरुवार को एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बस और कार की टक्कर में दंपती सहित तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल है और उसका आईजीएमसी शिमला में उपचार चल रहा है।

मृतकों की पहचान दयानन्द (57), उनकी पत्नी हेमलता (52) और विद्यादेवी (75), सभी निवासी गांव फान्जी, डाकघर घणागूघाट तहसील अर्की जिला सोलन के रूप में हुई है। हादसा दिन के समय शहर के बालूगंज थाना अंतर्गत हुआ।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस चौकी धामी की टीम मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू की। हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे। इनमें दम्पती, उनका बेटा और एक महिला थीं। टक्कर के बाद एक पुरुष और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य महिला ने आईजीएमसी शिमला में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे में जान गंवाने वाली दम्पती का बेटा मनीष कार चला रहा था। वह गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। हादसे में एचआरटीसी बस में सवार किसी यात्री को चोट नहीं आई है।

पुलिस के अनुसार एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बस बागीपुल से शिमला की ओर आ रही थी। घंडल के पास बस और कार के बीच टक्कर हुई। हादसे के कारणों की पुलिस जांच कर रही है।

शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है और कार चालक का आईजीएमसी में उपचार चल रहा है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत पुलिस थाना बालूगंज में अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के संबंध में पुलिस की जांच जारी है।

Tags: