विधानसभा चुनाव के अंतिम क्षणों में धनबल का प्रयोग कर चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश कर सकती है भाजपा : प्रतिभा सिंह

Update: 2022-11-10 13:57 GMT

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह प्रदेश में विधानसभा चुनाव के अंतिम क्षणों में धनबल का प्रयोग कर चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश कर सकती है।

उन्होंने चुनाव आयोग से भाजपा पर कड़ी नज़र रखने का आग्रह किया है। उन्होंने आयोग से ईवीएम की कड़ी सुरक्षा का भी आग्रह किया है जिससे कोई भी इसमें सेंधमारी का प्रयास न कर सकें।उन्होंने कहा है कि भाजपा अपनी संभावित हार सामने देख सत्ता का दुरुपयोग कर लोगों को डराने धमकाने का प्रयास भी कर रही है।
प्रतिभा सिंह ने प्रदेशवासियों से बगैर किसी भय, दबाव या लोभ के लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़चढ़ कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा है कि देश के लोकतंत्र की ताकत मजबूत करने के लिये सभी को अपना मतदान करना चाहिए। उन्होंने कहा है कि भारत के संविधान में निहित एक मत की ताकत किसी भी राजनैतिक दल के लिए, देश के भविष्य व उसकी दशा और दिशा तय करता है।
प्रतिभा सिंह ने दावा किया है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा है कि भाजपा मतदान पूर्व जितने मर्जी सर्वे अपने पक्ष में करवा लें,प्रदेश में लोगो ने भाजपा को सत्ता से बाहर करने का पूरा मन बना लिया है।
उन्होंने कहा है कि 8 दिसम्बर को नतीजे पूरी तरह कांग्रेस के पक्ष में आएंगे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं व प्रदेश के लोगों से पूरे उत्साह के साथ,एकजुट होकर आगे आने व मतदान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने का आग्रह किया है,जिससे प्रदेश में कांग्रेस की एक मजबूत सरकार बन सकें।

Full View

Tags:    

Similar News