Bilaspur: हिमाचल में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, बिलासपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा तस्कर
"55.6 ग्राम चिट्टा बरामद"
बिलासपुर: जनपद की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सुरंग नंबर-2 (थाना स्वारघाट क्षेत्र) के समीप 55.6 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने मौके से पंजाब निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो पंजाब और हिमाचल प्रदेश में नशे की तस्करी का मुख्य सरगना बताया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अर्मान पुत्र बाबू लाल, निवासी हाउस नंबर-41, कुम्हार मंडी, फिरोजपुर कैंट (पंजाब) के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र 23 वर्ष है और वह लंबे समय से चिट्टे की अवैध तस्करी में संलिप्त था। गुप्त सूचना के आधार पर एचसी आशु वर्मा (नंबर 50) के नेतृत्व में विशेष डिटेक्शन टीम ने यह कार्रवाई की।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी बिलासपुर से होकर चिट्टे की एक बड़ी खेप पंजाब ले जाने की फिराक में था। सुरंग नंबर-2 के पास घेराबंदी कर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया गया। डीएसपी मदन धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ स्वारघाट थाना में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और जल्द ही नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी हो सकती है। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई की सराहना की है और नशे के खिलाफ पुलिस के प्रयासों को सराहा है। जिला पुलिस अधीक्षक ने टीम को सतर्कता और साहसिक कार्रवाई के लिए बधाई दी है।