शिमला: अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान अनुशासन बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने इस बार एक नई पहल की है। मेले में मंच पर प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को एल्को सेंसर टेस्ट की प्रक्रिया से गुजरना पड़ रहा है। शराब का सेवन करके आने वाले कलाकारों को मंच पर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। हिमाचल प्रदेश में किसी सांस्कृतिक आयोजन के दौरान कलाकारों के लिए पहली बार इस तरह की व्यवस्था लागू की गई है। शुरुआती दो सांस्कृतिक संध्याओं में 100 कलाकारों के टेस्ट किए गए। इनमें शराब का सेवन करके पहुंचे दो कलाकारों को प्रस्तुति देने से रोक दिया गया।

रामपुर बुशहर में आयोजित मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में 60 और दूसरी संध्या में 40 कलाकारों की जांच की गई। जिला प्रशासन ने मेले की चारों सांस्कृतिक संध्याओं के लिए यह व्यवस्था लागू की है। उपायुक्त शिमला एवं लवी मेला समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। मंच के नजदीक तैनात पुलिसकर्मी एल्को सेंसर से कलाकारों का परीक्षण कर रहे हैं। जांच में निर्धारित मानकों पर खरा उतरने के बाद ही कलाकारों को प्रस्तुति देने की अनुमति मिल रही है। प्रशासन ने जांच में पकड़े गए दोनों कलाकारों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।

मंच के पास पुलिस की तैनाती, जांच के बाद ही प्रस्तुति की अनुमति

एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि सांस्कृतिक संध्याओं को व्यवस्थित और अनुशासित ढंग से आयोजित करने के लिए कलाकारों के एल्को सेंसर टेस्ट किए जा रहे हैं। शराब का सेवन करके पहुंचे दो कलाकारों को प्रस्तुति देने से रोका गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ अभियान चला रही है और प्रशासन भी इस दिशा में काम कर रहा है। कलाकारों के साथ अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को भी मंच पर जाने से पहले जांच करवानी होगी।

हेमा सरदेसाई के गीतों पर झूमे दर्शक, पहाड़ी कलाकारों ने भी जमाया रंग

लवी मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या बॉलीवुड और पहाड़ी संगीत के संगम के नाम रही। बॉलीवुड की प्रसिद्ध पार्श्व गायिका हेमा सरदेसाई की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रही। उनके लोकप्रिय गीतों पर दर्शक झूमते नजर आए और पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा। प्रदेश के तकनीकी शिक्षा, नगर नियोजन एवं आवास मंत्री राजेश धर्माणी ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की। उनकी पत्नी सोनिका धर्माणी भी मौजूद रहीं।

इस संध्या में पहाड़ी गायक राजीव शर्मा, रमना भारती, विनोद रांटा, रोहिणी डोगरा, पंकज ठाकुर और डॉ. मदन झालटा सहित अन्य कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। स्थानीय और उभरते कलाकारों को भी मंच मिला। इससे पहले पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारम्भ राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने किया था। इस अवसर पर लेडी गवर्नर बिन्दु गुप्ता भी मौजूद रहीं। पहली संध्या में सूफी गायक बावर मुद्दसिर ने प्रस्तुति दी।

व्यापारिक इतिहास और सांस्कृतिक विरासत के लिए पहचान

रामपुर बुशहर का अंतरराष्ट्रीय लवी मेला हिमाचल प्रदेश के प्रमुख पारंपरिक मेलों में शामिल है। इसकी पहचान पुराने समय से तिब्बत और आसपास के क्षेत्रों के साथ होने वाले व्यापार से जुड़ी रही है। ऊन, पश्मीना, सूखे मेवे और अन्य पारंपरिक उत्पाद इस मेले के प्रमुख आकर्षण रहे हैं। समय के साथ यह आयोजन व्यापार के साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान का भी बड़ा मंच बन गया है। चार दिवसीय मेले में विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारी, कलाकार और पर्यटक पहुंचते हैं। सांस्कृतिक संध्याओं के माध्यम से हिमाचल की लोक संस्कृति, पारंपरिक संगीत और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मेले का उद्देश्य क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के बीच आपसी मेलजोल और सद्भाव को बढ़ावा देना भी है।

Tags: