Sundarnagar अकादमी में वन अग्नि एवं सुरक्षा पर 5 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न
Himachal Pradesh.हिमाचल प्रदेश: गर्मियों में जंगलों में लगने वाली आग के बढ़ते खतरे से निपटने के लिए राज्य वन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंडी जिले के सुंदरनगर स्थित हिमाचल प्रदेश वन अकादमी में 'वन अग्नि एवं अग्नि सुरक्षा' विषय पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। वन शिक्षा निदेशालय देहरादून के सहयोग से आयोजित कार्यशाला का उद्देश्य वन विभाग के कार्मिकों की अग्नि संबंधी आपात स्थितियों से निपटने में तत्परता बढ़ाना था।
सोमवार को कार्यशाला के समापन समारोह की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश वन अकादमी के निदेशक सुभाष चंद पराशर ने की। कार्यक्रम में विभिन्न सर्किलों से कुल 20 वन रक्षकों एवं रेंज अधिकारियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को वन अग्नि की रोकथाम के उपायों एवं प्रतिक्रिया तकनीकों के बारे में शिक्षित किया गया। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), अग्निशमन विभाग के विशेषज्ञों एवं प्रमाणित प्राथमिक उपचार प्रशिक्षकों ने विशेष सत्र आयोजित किए। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक तिलक राज शर्मा, उपनिदेशक संदीप कुमार, पीयूष शर्मा, देवेंद्र सिंह डोगरा एवं प्रशिक्षक बेसरी शर्मा सहित अकादमी के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।