Himachal Pradesh हिमाचल प्रदेश: पुलिस ने सोमवार को बताया कि शिमला में माइक्रोचिप और ब्लूटूथ डिवाइस का इस्तेमाल कर नवोदय विद्यालय समिति Navodaya Vidyalaya Samiti (एनवीएस) भर्ती परीक्षा में कथित तौर पर नकल करने के आरोप में 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि इनमें से ज्यादातर आरोपी हरियाणा के रहने वाले हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, मामला तब प्रकाश में आया जब न्यू शिमला परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने आए एक अभ्यर्थी की जांच निरीक्षक ने नकल के संदेह में की। जांच के दौरान निरीक्षक को उसके पास से ब्लूटूथ डिवाइस और माइक्रोचिप मिली। इसके बाद निरीक्षक ने केंद्र पर मौजूद अन्य अभ्यर्थियों की भी जांच की और कई अन्य को ब्लूटूथ डिवाइस के साथ पकड़ा। इसके अलावा शिमला में एक व्यक्ति को दूसरे अभ्यर्थी की जगह उसी परीक्षा में बैठने के आरोप में भी गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान हरियाणा निवासी संदीप कुमार के रूप में हुई है। वह वास्तविक अभ्यर्थी अजय कुमार की जगह परीक्षा में बैठा था। निरीक्षक ने जब देखा कि परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी के हस्ताक्षर और तस्वीर दस्तावेज में मौजूद हस्ताक्षर और तस्वीर से मेल नहीं खा रही थी, तब उसे पकड़ा गया। संदेह होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 319 (2) (छद्मवेश धारण करके धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, कुल 5 एफआईआर दर्ज की गई हैं और मामले की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शिमला की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।देशभर में करीब 1,377 गैर-शिक्षण पदों को भरने के लिए एनवीएस परीक्षा आयोजित की जा रही है।