कई राज्यों में भारी बारिश से तबाही

Update: 2023-07-10 06:59 GMT

देश भर के कई राज्यों में इस समय भारी बारिश हो रही है। भारी बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने अलग-अलग राज्यों में अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के लिए रेड अलर्ट जारी किया है जबकि दिल्ली के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।

गौरतलब है कि इन दिनों आसमान से बादल आफत बनकर बरस रहे है। बारिश के कारण कई शहरों में हालात बेकाबू हो गए है। यही कारण है कि मौसम विभाग को कई राज्यों में अलर्ट जारी करना पड़ा है। जानकारी के मुताबिक रेड अलर्ट मौसम विभाग ने 10 और 11 जुलाई के लिए हिमाचल प्रदेश के लिए जारी किया है। आगामी दो दिनों तक हिमाचल प्रदेश के सात जिलों में भारी बारिश की आशंका है।

पंजाब-हरियाणा में जलभराव की स्थिति

पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में रविवार को भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। अधिक प्रभावित स्थानों पर कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने कुछ प्रभावित इलाकों में स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया, जबकि पंजाब के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश के कारण सेना को अलर्ट पर रखा गया है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की कई टीम को भी बाढ़ प्रभावित जिलों में तैनात किया गया है, जिनमें मोहाली और फतेहगढ़ साहिब भी शामिल हैं। पंजाब के विशेष पुलिस महानिदेशक अर्पित शुक्ला ने कहा कि इन इलाकों में सेना के जवानों को भी सतर्क रहने को कहा गया है। हरियाणा में अंबाला जिले से बहने वाली तीन नदियां मारकंडा, घग्गर और टांगरी खतरे के निशान के करीब बह रही हैं। अंबाला छावनी के पास टांगरी तट के करीब रहने वाले कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, पंजाब में रोपड़ हेडवर्क्स से 1.45 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया और बांध के फाटक खोल दिए गए हैं। सुखना झील के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण बांध के दो फाटक खोले गए हैं।

ऐसा है अन्य राज्यों का हाल

उत्तर भारत के कई हिस्सों में रविवार को मूसलाधार बारिश हुई और भूस्खलन एवं वर्षा जनित विभिन्न घटनाओं में 18 लोगों की मौत हो गई। दिल्ली में यमुना सहित देश के उत्तरी क्षेत्र में कई नदियां उफान पर हैं। कई शहरों और कस्बों में सड़कें तथा आवासीय क्षेत्र घुटनों तक पानी में डूब गए और रिकॉर्ड बारिश के चलते निकाय व्यवस्था पंगु नजर आई। अचानक आई बाढ़ से पर्वतीय इलाकों में सड़कें बह गईं। इस बीच, अधिकारियों ने पर्यटकों से मौसम में सुधार के बाद यात्रा की योजना बनाने को कहा। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली तथा अन्य स्थानों के लोगों द्वारा जलमग्न सड़कों पर कागज की नावों की तरह तैरते वाहन, आवासीय क्षेत्रों में गंदा पानी घुसने, उफनती नदियों और भूमि के धंसने के कारण तटों पर डूबे हुए मंदिर और अन्य संरचनाओं की तस्वीरें ऑनलाइन साझा की गईं। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि दिल्ली में अधिकारियों ने यमुना के बढ़ते जल स्तर को लेकर चेतावनी दी है। 

Tags:    

Similar News

-->