Yamunanagar: एचकेआरएन में शामिल करने के निर्णय पर बवाल

Update: 2026-02-24 12:35 GMT

यमुनानगर: हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर यूनियन के आह्वान पर मंगलवार को कर्मचारियों ने जगाधरी डिवीजन कार्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। सुबह से शुरू हुए इस धरने में विभिन्न सब यूनिटों से पहुंचे कर्मचारियों ने विभागीय निर्णयों को लेकर नाराजगी जताई और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

धरने की अध्यक्षता यूनिट प्रधान राजेश कश्यप ने की, जबकि मंच संचालन यूनिट सचिव कंवरपाल ने संभाला। प्रदर्शन में जगाधरी डिवीजन के अंतर्गत आने वाली सिटी, सब अर्बन, छछरौली तथा प्रतापनगर इकाइयों के कर्मचारियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। कर्मचारियों ने एकजुटता दिखाते हुए निगम प्रबंधन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि वर्ष 2008 से पार्ट-2 श्रेणी में कार्यरत डीसी रेट कर्मचारियों को हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) पोर्टल में शामिल करने का निर्णय कर्मचारियों के हितों के विपरीत है।

वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करने की दिशा में ठोस कदम उठाने के बजाय नई व्यवस्था में स्थानांतरित करना उनके भविष्य को अनिश्चित बनाता है। उन्होंने सरकार से निर्णय पर पुनर्विचार करने और कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। धरने में सह सचिव राजिंदर शर्मा, कोषाध्यक्ष योगेश वर्मा, उप प्रधान जरनैल सिंह, संगठनकर्ता देवेंद्र कुमार, मुकेश कंबोज सहित विभिन्न इकाइयों के पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। यूनियन नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों को एचकेआरएन पोर्टल में शामिल करने का निर्णय वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से व्यापक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए भविष्य में बड़े स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।

Tags:    

Similar News