यमुनानगर: यमुनानगर पुलिस की अपराध शाखा-एक की टीम ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3 किलो 102 ग्राम गांजा पत्ती बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी नेपाल से गांजा लाकर यमुनानगर में इसकी आपूर्ति करता था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अपराध शाखा-एक के प्रभारी राजकुमार के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि करेड़ा खुर्द गांव के पास एक युवक नशीला पदार्थ लेकर घूम रहा है। पुलिस ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को काबू किया।

तलाशी की कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में की गई। पुलिस के मुताबिक युवक के कब्जे से 3 किलो 102 ग्राम गांजा पत्ती बरामद हुई। आरोपी की पहचान नेपाल निवासी दीपक यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दीपक शहर की एक प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करता है। पुलिस का दावा है कि वह नेपाल से गांजा लेकर आता था और यमुनानगर में इसकी बिक्री करता था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस पूछताछ के जरिए नशीले पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत और स्थानीय स्तर पर इससे जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच जारी है।

Tags: