Yamunanagar: हेरोइन के साथ आरोपी दबोचा, नेटवर्क की तलाश जारी
हेरोइन तस्करी मामले में बड़ी कार्रवाई, युवक गिरफ्तार
यमुनानगर: यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 50 ग्राम हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर नशा तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी अनिल कुमार ने गुरुवार को बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतापनगर क्षेत्र के भुड़कला रोड स्थित हर्बल पार्क के समीप एक युवक मोटरसाइकिल पर मादक पदार्थ लेकर आने वाला है। सूचना के आधार पर एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। नियमानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट एईटीओ अंकित यादव की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान भुड़कला निवासी अब्दुल वहाब के रूप में हुई।
प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि आरोपी से यह पता लगाया जा रहा है कि वह मादक पदार्थ कहां से प्राप्त करता था और किन लोगों तक इसकी आपूर्ति करता था। जांच के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।