Yamunanagar: रेलवे ट्रैक पर बिजली लाइन गिरने से बड़ी दुर्घटना टली

Update: 2026-03-16 09:32 GMT

यमुनानगर: यमुनानगर व आसपास के इलाकाें में रविवार देर रात आए तेज तूफान और बारिश के दौरान यमुनानगर शहर की शिव कॉलोनी क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब 33 केवी की उच्च क्षमता वाली बिजली लाइन टूटकर रेलवे ट्रैक के ऊपर जा गिरी। बिजली तार गिरते ही जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि रेलवे प्रशासन की सतर्कता से संभावित बड़ा रेल हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब साढ़े 11 बजे तेज हवाओं के बीच अचानक तेज धमाका हुआ और इसके तुरंत बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। लोगों ने बाहर निकलकर देखा तो हाई वोल्टेज लाइन रेलवे ट्रैक के ऊपर लटक रही थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, बिजली निगम और रेलवे विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल रेलवे स्टेशन को सूचित किया गया। इसके बाद स्टेशन मास्टर ने एहतियात के तौर पर इस रूट से गुजरने वाली ट्रेनों को अस्थायी रूप से रोक दिया।

बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ घंटे तक इस मार्ग से कोई भी ट्रेन नहीं गुजरी, जिससे बड़ा खतरा टल गया। घटना के कारण शिव कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई और देर रात तक कई इलाकों में अंधेरा छाया रहा। तार गिरने से पास के दो मकानों में बिजली के उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि घरों के बाहर लगे मीटर भी जलकर खराब हो गए। इससे स्थानीय निवासियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को भी इस घटना के कारण असुविधा का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्र के पार्षद दीक्षित भी मौके पर पहुंचे और रेलवे अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद संबंधित विभागों की टीमों ने स्थिति का जायजा लिया। बिजली निगम के कर्मचारी क्षतिग्रस्त लाइन को हटाने और आपूर्ति बहाल करने में जुटे रहे। फिलहाल अधिकारियों का कहना है कि बिजली व्यवस्था सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।

Tags:    

Similar News