करनाल : करनाल जिले के सेक्टर-6 के कर्ण विहार कॉलोनी निवासी मां ने इकलौते बेटे को स्कूल जाने के लिए कहा तो वह नाराज हो गया। इस बात को लेकर मां और बेटे के बीच झगड़ा हो गया। जिसके बाद किशोर ने गुस्से में आकर यमुना नहर में छलांग लगा दी। लोगों ने युवक को नहर में कूदा देखा और बचाने का प्रयास किया, मगर तेज बहाव के कारण किशोर नहर में डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घंटों मशक्कत के बाद किशोर के शव को गोताखोरों ने बाहर निकाला। परिजनों को जैसे ही बेटे की डूबने की सूचना मिली तो परिवार में मातम छा गया।
बता दें कि कर्ण विहार निवासी अरमान सातवीं का छात्र था। वीरवार को अरमान स्कूल जाने के लिए मना कर रहा था, मगर उसकी मां ने स्कूल जाने के लिए बोला। इस बात से किशोर नाराज हो गया। देखते ही देखते मां और बेटे के बीच झगड़ा हो गया। विवाद के चलते किशोर घर से साइकिल लेकर शेखपुरा के पास यमुना नहर पर पहुंच गया। स्कूल की वर्दी में नहर में छलांग लगा दी।
मृतक अरमान के पिता लंबे समय से विदेश में रहकर कामकाज करते है। पहले वह दुबई में और बाद में पुर्तगाल रहने लगे। अरमान दो बहनों का चहेता भाई था। मां भी बेटे को पढ़ा लिखाकर विदेश भेजना चाहती थी।
Tags: