संजय कॉलोनी में फायरिंग के बाद गाड़ियों में तोड़फोड़
फरीदाबाद में देर रात फायरिंग और तोड़फोड़ का मामला
फरीदाबाद: संजय कॉलोनी में गुरुवार देर रात एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। दुकान के बाहर रास्ते में रखे सरिया और कांटा हटाने को लेकर स्थानीय लोगों और दुकानदार के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर दुकानदार ने अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में मौके पर पहुंचे लोगों ने तोड़फोड़ और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद इलाके में 8 से 10 राउंड हवाई फायरिंग होने से अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, गली में दुकान के बाहर सामान रखे होने पर कुछ स्थानीय लोगों ने दुकानदार से रास्ता साफ करने को कहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि दुकानदार ने फोन कर अपने कई साथियों को मौके पर बुलाया। उनके पहुंचते ही स्थिति बिगड़ गई और लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई।
उपद्रवियों ने गली में खड़ी तीन से चार गाड़ियों को निशाना बनाया और लाठी-डंडों से उनके शीशे तोड़ दिए। इस दौरान कई लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
फायरिंग से सहमे कॉलोनीवासी
मारपीट और तोड़फोड़ के बीच कुछ लोगों ने कथित तौर पर हवाई फायरिंग कर दी। लगातार गोलियों की आवाज से पूरी कॉलोनी में दहशत फैल गई। आसपास रहने वाले लोग अपने घरों में चले गए और कुछ समय के लिए इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम भी मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही मुख्य आरोपी दुकानदार दुकान बंद कर अपने साथियों के साथ वहां से निकल गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वारदात के दौरान मौजूद लोगों की जानकारी जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर फायरिंग, तोड़फोड़ और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।