फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद स्थित सेक्टर-58 की एक निजी कंपनी में दर्दनाक हादसे में 31 वर्षीय कर्मचारी की माल ढोने वाली लिफ्ट में दबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी विपिन के रूप में हुई है। हादसे के बाद कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने उसे लिफ्ट से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के मुताबिक, विपिन की शादी महज पांच महीने पहले हुई थी। वह करीब दो महीने पहले ही रोजगार की तलाश में फरीदाबाद आया था। मृतक के जीजा राजेश ने आरोप लगाया कि कंपनी में काम का दबाव अधिक था और जल्द काम पूरा करने की हड़बड़ी में विपिन को मालवाहक लिफ्ट का इस्तेमाल करना पड़ा।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सेक्टर-58 थाना पुलिस के एएसआई नेत्रपाल के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और कंपनी प्रबंधन की कोई लापरवाही थी या नहीं, इसकी जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

नोट: कंपनी में काम के दबाव और लापरवाही के आरोप परिजनों की ओर से लगाए गए हैं।

Tags: