Gurugram गुरुग्राम पुलिस ने मंगलवार को दशहरा का त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। रावण दहन के 66 स्थलों, 17 धार्मिक जुलूसों और अन्य चिन्हित स्थानों पर लगभग 2,200 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों और स्टेशन हाउस ऑफिसर्स (SHOs) को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखें और आयोजन समितियों के साथ तालमेल बनाए रखें।
जिले भर में रावण दहन के 66 स्थलों पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं, जिनमें 12 बड़े और 54 छोटे स्थान शामिल हैं। जोन के हिसाब से देखें तो, 16 स्थल ईस्ट जोन में, 23 वेस्ट जोन में, 7 साउथ जोन में और 20 मानेसर जोन में आते हैं। भीड़ की संभावना को देखते हुए बड़े स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। हर जगह पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी तय कर दी गई है, ताकि भीड़ को अच्छे से नियंत्रित किया जा सके, सुरक्षा पर नजर रखी जा सके और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
दशहरा के दौरान जिले भर में निकलने वाले 17 धार्मिक जुलूसों के लिए भी विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। ईस्ट जोन में 3 जुलूसों, वेस्ट जोन में 9, साउथ जोन में 2 और मानेसर जोन में 3 जुलूसों के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत, रावण दहन के 12 प्रमुख स्थलों में से प्रत्येक पर एक दमकल वाहन (फायर टेंडर), एक एम्बुलेंस और एक ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। इसके अलावा, किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद के लिए हर पुलिस जोन में 2 दमकल वाहन और 2 एम्बुलेंस स्टैंडबाय पर रहेंगी।
दशहरा के दौरान आयोजन स्थलों के आसपास ट्रैफिक बढ़ने की संभावना को देखते हुए, ट्रैफिक पुलिस विशेष ट्रैफिक प्रबंधन उपाय लागू करेगी। ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था के लिए एक अलग और विस्तृत ड्यूटी रोस्टर जारी किया गया है, जिसके अनुसार कर्मचारियों को तैनात किया गया है। पुलिस कमिश्नर सिबाश कबीराज ने बताया कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, भीड़ को आसानी से नियंत्रित करने, ट्रैफिक नियमों का पालन कराने और आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। हर पुलिस जोन के लिए एक 'क्विक रिस्पॉन्स टीम' (QRT) भी तैयार रखी गई है। उन्होंने कहा कि दशहरा मेलों और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में सुरक्षा को मजबूत करने के लिए निगरानी, ​​पब्लिक एड्रेस सिस्टम, सुरक्षा जांच और आपातकालीन प्रतिक्रिया उपायों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
दशहरा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे फरीदाबाद जिले में कुल 1,200 पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। कार्यक्रम स्थलों, बाजारों, मुख्य मार्गों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
Tags: