हांसी: जिले के बास थाना क्षेत्र के गांव धर्मखेड़ी में युवक दीपक की हत्या के मामले में हांसी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मृतक और मुख्य आरोपी प्रिंस दोस्त थे, लेकिन दीपक द्वारा प्रिंस की बहन के बारे में कथित तौर पर अपशब्द कहे जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते प्रिंस ने अपने दो साथियों जितेन्द्र हुड्डा और आर्यन के साथ मिलकर दीपक की हत्या कर दी। सीआईए-2 हांसी की टीम ने तीनों आरोपियों को जिला अंबाला क्षेत्र से काबू किया।

पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू की। मौके पर सीन ऑफ क्राइम टीम और फिंगरप्रिंट टीम को भी बुलाया गया। इस संबंध में मृतक के पिता होशियार सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा था कि उनका छोटा बेटा दीपक खेतीबाड़ी करता था। गत 22 सितंबर की शाम वह खेत में पानी लगाने के लिए गया था। अगले दिन सुबह गांव के लोगों से सूचना मिलने पर परिजन खेत पहुंचे तो खेत में बने कमरे की छत पर दीपक मृत अवस्था में मिला। शिकायत के आधार पर बास थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान सीआईए-2 हांसी की टीम ने विभिन्न साक्ष्यों और जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर तीनों आरोपियों को अंबाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहतक जिले के अजायक निवासी प्रिंस, जितेन्द्र हुड्डा व आर्यन के रूप में हुई है।

पूछताछ में सामने आया हत्या का कारण

पुलिस पूछताछ में अब तक सामने आया है कि प्रिंस और दीपक आपस में दोस्त थे। दीपक द्वारा प्रिंस की बहन के बारे में कथित तौर पर अपशब्द कहे जाने से प्रिंस नाराज था। पुलिस के अनुसार इसी विवाद के चलते उसने जितेन्द्र और आर्यन के साथ मिलकर दीपक की हत्या कर दी। पुलिस वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं और साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

Tags: