निरीक्षण के साथ बच्चों की पढ़ाई परखी, खुद पढ़ाने लगे एसडीएम
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बच्चों को दिया गणित और भूगोल का पाठ
हांसी: सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर और विद्यार्थियों की शैक्षणिक समझ परखने पहुंचे एसडीएम राजेश खोथ बुधवार को शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने पीएम श्री राजकीय विद्यालय मसूदपुर की नौवीं कक्षा में पहुंचकर करीब एक घंटे तक विद्यार्थियों को भूगोल और गणित पढ़ाया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सवाल-जवाब कर विषयों पर उनकी पकड़ परखी और पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
एसडीएम ने सबसे पहले विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई, उपलब्ध सुविधाओं और शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। इसके बाद वे सीधे कक्षा में पहुंचे और विद्यार्थियों के बीच बैठकर उनसे संवाद किया। उन्होंने बच्चों के शैक्षणिक स्तर, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। पढ़ाते समय उन्होंने विषयों को रटने के बजाय समझने पर जोर दिया और विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
लक्ष्य तय कर अनुशासन के साथ करें मेहनत
एसडीएम राजेश खोथ ने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की नींव तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक हासिल करना नहीं, बल्कि विषयों को गहराई से समझना और अर्जित ज्ञान को व्यवहार में उतारना भी है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी क्षमताओं को पहचानकर जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए जुनून, आत्मविश्वास व अनुशासन के साथ निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों के बीच संतुलन बनाए रखना चाहिए।
एसडीएम ने विद्यार्थियों को शिक्षकों के मार्गदर्शन का पूरा लाभ उठाने और प्रतिदिन कुछ नया सीखने की आदत विकसित करने की सलाह भी दी।