सोनीपत: दीपावली के त्योहार को देखते हुए जिला व्यापार मंडल ने पुलिस और नगर निगम प्रशासन से दुकानदारों के प्रति सहयोगात्मक रवैया अपनाने की अपील की है। व्यापार मंडल के प्रधान संजय सिंगला और चेयरमैन संजय वर्मा ने कहा कि त्योहार के दौरान अतिक्रमण के नाम पर दुकानदारों का सामान उठाकर उन्हें परेशान करना उचित नहीं है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरे साल नियमित रूप से होनी चाहिए, ताकि त्योहार के दिनों में व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी न झेलनी पड़े।

त्योहार व्यापारियों के लिए कमाई का अहम अवसर

प्रधान संजय सिंगला ने कहा कि दीपावली व्यापारियों के लिए साल का महत्वपूर्ण अवसर होता है। दुकानदार पूरे साल मेहनत करते हैं और त्योहार के सीजन में होने वाली कमाई से अपने परिवार की जरूरतें पूरी करने के साथ बच्चों के सपने साकार करने की उम्मीद रखते हैं। ऐसे में प्रशासन को उनकी परिस्थितियों को समझते हुए सहयोग करना चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला व्यापार मंडल अतिक्रमण के पक्ष में नहीं है। बाजारों में व्यवस्था बनाए रखना, यातायात सुचारू रखना और ग्राहकों को आसानी से आवागमन की सुविधा देना व्यापारियों और प्रशासन, दोनों की जिम्मेदारी है। व्यापारियों को भी दुकानों के बाहर अनावश्यक रूप से अधिक सामान नहीं रखना चाहिए। हालांकि, अतिक्रमण हटाने के लिए त्योहार के दिनों के बजाय पूरे साल नियमित अभियान चलाया जाना चाहिए।

प्रतिष्ठित दुकानदारों के बजाय मिलावटखोरों पर हो कार्रवाई

सिंगला ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों के नमूने लेने की कार्रवाई भी शुरू हो जाती है। विभागों को प्रतिष्ठित दुकानदारों के यहां बार-बार नमूने लेने के बजाय नकली और मिलावटी सामान तैयार कर बेचने वालों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण सामान मिल सके।

उन्होंने कहा कि वर्षों से ग्राहकों का विश्वास हासिल करने वाला कोई भी प्रतिष्ठित व्यापारी अपनी साख खराब नहीं करना चाहेगा। इसलिए विभागों को जांच के दौरान उचित प्राथमिकताएं तय करनी चाहिए।

व्यापारी और प्रशासन के बीच तालमेल जरूरी

चेयरमैन संजय वर्मा ने कहा कि व्यापारी और प्रशासन एक-दूसरे के सहयोगी हैं। बाजारों की रौनक व्यापारियों की मेहनत से बनी रहती है। ऐसे में दोनों के बीच आपसी विश्वास और बेहतर तालमेल जरूरी है। त्योहार के समय प्रशासन का सहयोग बाजारों की व्यवस्था को सुचारू बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

जिला व्यापार मंडल ने व्यापारियों से भी अपील की कि वे दुकानों के बाहर कम से कम सामान रखें, जिससे ग्राहकों और आम लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो। साथ ही, किसी व्यापारी को नकली या मिलावटी सामान बेचने वालों की जानकारी मिले तो संबंधित विभाग को शिकायत करे। ऐसा संभव न होने पर जिला व्यापार मंडल को सूचना दे, ताकि संबंधित विभाग से संपर्क कर उचित कार्रवाई करवाई जा सके।

Tags: