Sonipat: आर्मी लेफ्टिनेंट बनीं शीतल मेहलान का भव्य अभिनंदन

सेना में लेफ्टिनेंट बनने पर शीतल मेहलान का सम्मान

Update: 2026-06-16 05:00 GMT

सोनीपत: सोनीपत की बेटी शीतल मेहलान ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) से प्रशिक्षण प्राप्त कर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। वर्ष 2022 में जब पहली बार लड़कियों के लिए एनडीए में प्रवेश का अवसर मिला था, तब देशभर से चयनित 19 बेटियों में शीतल मेहलान भी शामिल थीं।

शीतल ने महाराष्ट्र के खड़कवासला स्थित एनडीए में तीन वर्ष तथा देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में एक वर्ष का कठोर सैन्य प्रशिक्षण पूरा किया। प्रशिक्षण के बाद सेना में लेफ्टिनेंट बनने पर जब वह पहली बार अपने गृह जिले सोनीपत पहुंचीं तो लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया।

शीतल की सफलता के पीछे उनके पिता का अधूरा सपना प्रेरणा बना। दसवीं कक्षा के दौरान उन्हें पता चला कि उनके पिता सेना में अधिकारी बनना चाहते थे, लेकिन परिस्थितियों के कारण यह सपना पूरा नहीं हो सका। इसके बाद शीतल ने उसी लक्ष्य को अपना सपना बना लिया।

बारहवीं कक्षा के बाद उन्होंने एनडीए परीक्षा दी और वर्ष 2022 में पूरे देश में नौवां स्थान प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि उन्होंने बिना किसी कोचिंग के पहले ही प्रयास में यह उपलब्धि हासिल की। उस वर्ष एनडीए में चयनित 19 लड़कियों में से 10 ने सेना, छह ने वायुसेना और तीन ने नौसेना को चुना था। शीतल ने सेना को चुना और अब अधिकारी के रूप में देश सेवा के लिए तैयार हैं।

परिजनों के अनुसार शीतल परिवार की पहली आर्मी अधिकारी हैं। उनकी माता ने बताया कि वह बचपन से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने दसवीं और बारहवीं दोनों कक्षाओं में 97 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए। पढ़ाई के साथ-साथ वह सांस्कृतिक और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय रहीं।

शीतल के शिक्षकों ने उनकी सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि वह हमेशा से मेहनती, अनुशासित और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रही हैं। उनकी उपलब्धि आज की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

शीतल मेहलान की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे सोनीपत जिले के लिए गर्व का विषय बन गई है।

Tags:    

Similar News