Sonipat: झूठे दुष्कर्म मामले में फंसाने की धमकी, तीन महिलाओं समेत चार गिरफ्तार

दुष्कर्म केस की धमकी देकर उगाही का प्रयास, चार गिरफ्तार

Update: 2026-06-27 06:23 GMT

सोनीपत: शहर थाना पुलिस ने दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर रुपये ऐंठने वाले कथित हनी ट्रैप गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपियों को 25 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपियों से 25 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। सभी को अदालत में पेश किया गया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पहले की वारदातों की भी जांच कर रही है।

पुलिस को दी शिकायत में उत्तर प्रदेश के शामली जिले के फतेहपुर निवासी इंतजार ने बताया कि वह पिछले करीब 15 वर्षों से सोनीपत के मोहन नगर में किराये पर रहकर ट्रैक्टर चालक का काम करता है। 14 जून को एक परिचित ने उसे एक युवती का मोबाइल नंबर दिया था। अगले दिन दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और युवती ने मिलने के लिए बुलाया।

शिकायतकर्ता के अनुसार वह टीकाराम कॉलेज के पास युवती से मिला और बाद में दोनों उसके किराये के कमरे पर पहुंचे। वहां युवती ने खुद को होटल में अनैतिक कार्य करने वाली बताते हुए 2,500 रुपये मांगे। रुपये देने के बाद दोनों के बीच सहमति से शारीरिक संबंध बने। इसके बाद वह युवती को कालूपुर चुंगी के पास छोड़ आया।

आरोप है कि घटना के बाद युवती और उसकी एक महिला साथी ने व्हाट्सएप कॉल कर दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी और मामला रफा-दफा करने के बदले 20 लाख रुपये की मांग की। रकम देने से इनकार करने पर शिकायत दर्ज कराने की चेतावनी दी गई।

पीड़ित ने अपनी परिचित एक महिला को पूरी जानकारी दी। उसने समझौता कराने का भरोसा दिया, लेकिन इसके बाद कई लोगों के फोन आने लगे और लगातार रुपये की मांग की जाने लगी। शिकायतकर्ता ने बातचीत की रिकॉर्डिंग कर पुलिस को सौंप दी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने योजना बनाकर अदालत परिसर के पास आरोपी महिला को 25 हजार रुपये से भरा बैग दिलवाया। जैसे ही महिला ने बैग लिया, पहले से मौजूद पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। मौके से उसके तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच अधिकारी एसआई नरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मिलकर लोगों को झूठे मामलों में फंसाने का भय दिखाकर उगाही करते थे। पुलिस पूरे गिरोह के नेटवर्क, अन्य सहयोगियों और इस तरह के मामलों के संभावित पीड़ितों की भी जांच कर रही है।

Tags:    

Similar News