Sonipat: संदिग्ध परिस्थितियों में चालक की मौत, परिजनों का विरोध

चालक की संदिग्ध मौत पर परिजनों ने न्याय की गुहार लगाई

Update: 2026-07-31 03:10 GMT

सोनीपत: सोनीपत में मिक्सर प्लांट की गाड़ी चलाने वाले 26 वर्षीय चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस प्रारंभिक तौर पर इसे सड़क हादसा मानकर जांच कर रही है, जबकि परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है और जांच के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है।

मृतक के ममेरे भाई प्रदीप ने बताया कि अजय कुमार यूनिटेक कंपनी में रोड़ी-डस्ट मिक्सर की गाड़ी चलाता था। घटना वाले दिन उसने घर पर फोन कर बताया था कि वह खाना खाने जा रहा है। इसके बाद परिवार का उससे कोई संपर्क नहीं हो सका।

अजय कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के एटा जिले के काजीपुर बदरपुर गांव का निवासी था। वह पिछले लगभग तीन वर्ष से सोनीपत में नौकरी कर रहा था और यहां अकेला रहता था। उसकी पत्नी, दो बेटे और एक बेटी उत्तर प्रदेश में रहते हैं।

परिजनों के अनुसार कंपनी के कर्मचारियों ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति खुद को अजय का भाई बताकर उसे अपने साथ ले गया। परिवार का कहना है कि सोनीपत में अजय का कोई भाई नहीं रहता था। कुछ समय बाद पुलिस ने सूचना दी कि अजय की सड़क हादसे में मौत हो गई है।

परिजनों का कहना है कि अजय का शव आमेक्स सिटी चौक के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। उनका मानना है कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा भाई बताकर साथ ले जाने की बात पूरे मामले को संदेहास्पद बनाती है। इसलिए केवल सड़क हादसा मान लेना उचित नहीं होगा। उन्होंने मांग की है कि मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जाए और दोषी मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाए।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी जा रही है तथा अजय के साथ गए अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News