सोनीपत: प्रदेश सरकार का आगामी बजट आमजन हितों को समर्पित होगा और हर वर्ग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रस्तुत किया जाने वाला बजट अंत्योदय की भावना पर आधारित होगा, जिसका उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
डॉ. शर्मा गोहाना विधानसभा के गांव रोलद लतीफपुर, दोदवा, जौली और खेड़ी दमकन में सामाजिक कार्यक्रमों में पहुंचे तथा कार्यकर्ताओं के घर जाकर ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि बजट में किसान, मजदूर, युवा, महिला, व्यापारी और कर्मचारी सभी वर्गों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने, युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के अवसर बढ़ाने, महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु योजनाओं का विस्तार करने तथा आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा।
उन्होंने कहा कि सहकारिता आंदोलन को नई ऊर्जा देने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे किसानों और ग्रामीणों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके। सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सीधे पहुंचे।
ग्रामीणों से बातचीत के दौरान मंत्री ने विकास कार्यों की जानकारी ली तथा उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने आश्वासन दिया कि गांवों के समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। सड़कों के सुदृढ़ीकरण, पेयजल व्यवस्था, शिक्षण संस्थानों के विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।