Sonipat: डीजीपी का ऐलान, घायल जवान को मिलेगा पूरा उपचार

डीजीपी ने घायल जवान के बेहतर उपचार के दिए निर्देश

Update: 2026-06-23 04:41 GMT

सोनीपत: हरियाणा पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजय सिंघल ने कहा है कि प्रदेश में अपराध और अपराधियों के खिलाफ निर्णायक अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सोमवार को जारी बयान में डीजीपी ने कहा कि सोनीपत पुलिस की हालिया कार्रवाई अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता है। इससे अपराध जगत को स्पष्ट संदेश गया है कि प्रदेश में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है।

डीजीपी अजय सिंघल ने मुठभेड़ के दौरान घायल हुए सीआईए-वन के मुख्य सिपाही देवेंद्र के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान बहादुरी, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले पुलिसकर्मी के इलाज का पूरा खर्च हरियाणा पुलिस वहन करेगी। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

पुलिस विभाग के अनुसार, सोनीपत के गांव अटायल निवासी गोपाल एक कुख्यात अपराधी था, जिसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट और आगजनी समेत करीब दो दर्जन आपराधिक मामले दर्ज थे। उसे दो अलग-अलग हत्या मामलों में आजीवन कारावास की सजा भी मिल चुकी थी।

जानकारी के अनुसार फरवरी 2026 में वह 70 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया था। पैरोल अवधि के दौरान उस पर अटायल में शराब ठेके पर हमला, तोड़फोड़ और आगजनी करने, समालखा क्षेत्र से ब्रेजा कार चोरी करने तथा एक व्यक्ति पर जानलेवा फायरिंग करने के आरोप लगे। पैरोल समाप्त होने के बाद भी वह जेल वापस नहीं लौटा और फरार चल रहा था।

Tags:    

Similar News