Sonipat: एंटी करप्शन टीम की बड़ी सफलता, पांच हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार
"रिश्वतखोरी पर शिकंजा"
सोनीपत: सोनीपत में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो ने एक पटवारी को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते मंगलवार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई इंतकाल के नाम पर अवैध राशि मांगने की शिकायत के बाद की गई।
जानकारी के अनुसार कबीरपुर क्षेत्र में दो प्लॉट के इंतकाल को लेकर शिकायतकर्ता लंबे समय से राजस्व विभाग के चक्कर काट रहा था। आरोप है कि संबंधित पटवारी अजय राणा ने कार्य को मंजूर करने के बदले खर्च-पानी के नाम पर पांच हजार रुपये की मांग की। बिना राशि दिए कार्य न करने की बात कहने से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क किया।
शिकायत मिलने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता को चिन्हित नोट देकर पटवारी के पास भेजा गया। जैसे ही पटवारी ने पांच हजार रुपये की राशि स्वीकार की, टीम ने तुरंत छापा मारकर उसे पकड़ लिया। यह कार्रवाई हैबिटेट क्लब परिसर में की गई। मौके पर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए और पूरी प्रक्रिया की पुष्टि की गई।
गिरफ्तार पटवारी की पहचान अजय राणा निवासी गांव पुट्टी के रूप में हुई है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है, ताकि मामले में गहन पूछताछ की जा सके।
डीएसपी विपिन कादियान ने बताया कि शिकायतकर्ता के दो प्लॉट का इंतकाल दर्ज हो चुका था, लेकिन उसे मंजूरी नहीं दी जा रही थी। कार्य करवाने के नाम पर पांच हजार रुपये की मांग की गई थी। रिश्वत लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया। सरकारी कार्य के बदले अवैध धन मांगने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।