Sonipat: KMP पर मजदूरों से भरी ईको की टक्कर, मृतकों की संख्या पांच हुई
KMP पर हादसे में बढ़ा मौत का आंकड़ा, पांच मजदूरों की गई जान
सोनीपत: सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह करीब पांच बजे मजदूरों से भरी ईको गाड़ी ट्रक से टकरा गई। गोपालपुर गांव की सीमा के पास हुए इस हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी। शाम तक मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई, जबकि सात लोग घायल हैं।
कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर खरखौदा के आईएमटी के पास हादसा इतना जोरदार था कि एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। दो ने अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि एक की खरखौदा के सरकारी अस्पताल और एक की पीजीआई रोहतक में मौत हुई। मृतकों की पहचान मेवाराम, सुशील, अग्रवाल वर्मा, रामनरेश और मोहम्मद आरिफ के रूप में हुई है।
घायलों की पहचान प्रमोद, संजीव, महेंद्र पाल, फातिलाल, हरिशंकर, खुशाली, छोटू और विवेक के रूप में हुई है। सभी को खरखौदा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया था। गंभीर हालत में तीन मजदूरों को पीजीआई रोहतक भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के साथ ईको में फंसे शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मृतकों की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।