Sonipat: सोनीपत पुलिस की सराहनीय पहल, बिछड़ी मासूम परिवार से मिली
सोनीपत पुलिस की संवेदनशीलता, बिछड़ी बच्ची को सुरक्षित घर पहुंचाया
सोनीपत: सोनीपत में लावारिस अवस्था में घूम रही एक बच्ची को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसके परिजनों से सकुशल मिला दिया। बच्ची के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने सोनीपत पुलिस की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार, राहगीरों ने बच्ची को अकेले घूमते देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को अपनी सुरक्षा में लेकर उसके परिजनों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, क्षेत्र में जानकारी जुटाई और स्थानीय स्तर पर लगातार प्रयास करते हुए बच्ची की पहचान सुनिश्चित की। जांच के बाद बच्ची के परिजनों का पता चलने पर उसे सैनीपुरा निवासी उसके परिवार को सुरक्षित सौंप दिया गया।
अपनी बच्ची को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
सोनीपत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं कोई बच्चा, बुजुर्ग या मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति लावारिस अथवा असहाय अवस्था में दिखाई दे तो तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 या नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस चौकी को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।