Sonipat: 500 टन कचरा उठाकर बिजली उत्पादन प्लांट पहुंचाया, पुलिस रही मौजूद
बिजली उत्पादन प्लांट में पहुंचाया गया 500 टन कचरा, पुलिस रही तैनात
सोनीपत: सोनीपत में सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते निगम अधिकारियों ने बीती रात भारी पुलिस फोर्स के साए में दो दर्जन से ज्यादा स्थानों से करीब 500 टन कूड़ा उठाकर मुरथल स्थित कूड़े से बिजली बनाने वाले प्लांट तक पहुंचाया। इससे आमजन ने राहत की सांस ली। कूड़े की समस्या को देखते हुए निगम की ओर से लगातार अभियान चलाया जाएगा।
गुरुवार की पूरी रात से शुक्रवार सुबह तक दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और डोजर की मदद से कूड़ा उठाने का अभियान चलाया गया। सबसे पहले सेक्टर-23 के डंपिंग यार्ड को खाली करवाया गया। इसके बाद तिरंगा चौक, सुभाष स्टेडियम, महलाना रोड, मिशन चौक, गुड़ मंडी, आर्य नगर, ओल्ड रोहतक रोड, कालूपुर चुंगी, ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया, टाटा मोटर्स, आईटीआई चौक, एटलस रोड, रेस्ट हाउस, बस स्टैंड, कपड़ा मार्केट, बीज मार्केट, नंदवानी नगर, हेम नगर, सिक्का कॉलोनी, भोगल अस्पताल के सामने और सब्जी मंडी के पास से कूड़े के ढेर हटवाए गए।
सफाई कर्मियों की एक महीने से चल रही हड़ताल के चलते हर स्थान पर कूड़े के बड़े-बड़े ढेर लग गए थे। सेक्टर-23 और बाबा धाम के पीछे वाले डंपिंग पॉइंट पूरी तरह भर गए थे। तीन दिन पहले सफाई करवाने के दौरान हड़ताली कर्मचारियों ने पुलिस बल की मौजूदगी में कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों के टायरों में पंचर कर दिया था तथा कूड़े की ट्रॉली बस अड्डे के पास पलट दी थी। पुलिस ने हड़ताली कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद रात को ज्यादा पुलिस बल की मौजूदगी में कूड़ा उठाने का काम किया गया।
मेयर राजीव जैन ने कहा कि सरकार ने सफाई कर्मियों की ज्यादातर मांगें मान ली हैं। आमजन की तकलीफ को देखते हुए कूड़ा उठाने का काम किया गया है। उन्होंने दुकानदारों से भी अपील की कि जगह-जगह कूड़ा डालने के बजाय बाजार में एक ही स्थान पर कूड़ा इकट्ठा करें, ताकि मशीनों से उसे उठाया जा सके।