Sirsa: सिरसा में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, पांच गिरफ्तार
नशा तस्करी के आरोप में पांच आरोपी गिरफ्तार
सिरसा: पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए जिला क्षेत्र से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये की हेरोइन बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तस्करों की पहचान सिरसा निवासी कपिल कुमार, गुरलाल सिंह, गुरविंद्र सिंह, गोबिंद सिंह व राजकुमार के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल टीम सिरसा शहर के मेला ग्राउंड क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक युवक पैदल आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर युवक को काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से आठ ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पकड़े गए युवक की पहचान कपिल कुमार के रूप में हुई है। इसके अलावा पुलिस ने जिले के गांव देसूजोधा क्षेत्र से गुरलाल सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 13 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
सीआईए कालांवाली पुलिस ने गश्त व चेकिंग के दौरान गांव दादू क्षेत्र से बाइक सवार युवक गुरविंद्र सिंह को सात ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। सीआईए कालांवाली प्रभारी ने बताया कि पुलिस गांव दादू क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार युवक को रूकवाकर तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। सिरसा सीआईए टीम ने गांव हांडीखेड़ा क्षेत्र से गोबिंद सिंह को हेरोइन सहित काबू किया है।
डबवाली पुलिस ने हेरोइन तस्करी के मामले में फरार चल रहे मुख्य तस्कर आरोपी राजकुमार को डबवाली क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। गोरीवाला चौकी प्रभारी जगपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने बीते दिवस गांव कालुआना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो आरोपियों रतन लाल व कुलदीप को हेरोइन सहित काबू किया था। गिरफ्तार आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ के दौरान जुटाई गई जानकारी के आधार पर इस मामले में फरार चल रहे मुख्य तस्कर आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।