Sirsa: लुवास लिपिक परीक्षा परिणाम का अभ्यर्थियों को इंतजार खत्म
लिपिक भर्ती परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों का रिजल्ट जारी
हिसार: लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) ने लिपिक पद के लिए आयोजित लिखित परीक्षा (डब्ल्यूटीआर-2023) का परिणाम जारी कर दिया है। अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपना परिणाम देख सकते हैं। परीक्षा के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने उसी रात परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी, जिसे सुबह करीब चार बजे तक पूरा कर लिया गया।
लिपिक पद के लिए कुल 14,039 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 6,631 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 7,408 अनुपस्थित रहे। हिसार में परीक्षा के लिए 27 केंद्र बनाए गए थे। सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान कुलपति प्रो. (डॉ.) विनोद कुमार वर्मा ने ओएसडी डॉ. रविंद्र के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. विजय जाधव ने उन्हें सुरक्षा एवं परीक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। नकल और फर्जी परीक्षार्थी रोकने के लिए अभ्यर्थियों की फोटोग्राफी, बायोमेट्रिक और आइरिस स्कैनिंग की गई। प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। मोबाइल फोन, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रोक रही तथा केंद्रों पर नेटवर्क जैमर भी लगाए गए।
परीक्षा समाप्त होने के बाद कुलपति के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी परिणाम तैयार करने में जुटे रहे। कुलपति स्वयं पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए विश्वविद्यालय में मौजूद रहे।