हिसार में बिजली संकट के विरोध में दुकानदारों ने किया जाम
हिसार में बिजली गुल होने से नाराज दुकानदारों ने लगाया जाम
हिसार: बिजली निगम के कर्मचारियों और इंजीनियरों की हड़ताल के चलते हिसार शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। कई इलाकों में बिजली गुल रहने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। त्योहारी सीजन में बिजली संकट ने कारोबारियों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं। पुष्पा कॉम्प्लेक्स में दुकानदार मोबाइल की टॉर्च जलाकर काम करने को मजबूर हैं, जबकि एमसी कॉलोनी में पिछले 24 घंटे से बिजली नहीं आने के कारण दुकानदार अंधेरा होते ही दुकानें बंद कर रहे हैं। कई दुकानदारों ने ग्राहकों को बिजली बहाल होने के बाद ही सामान देने की बात कही।
बिजली कटौती से नाराज दुकानदारों ने लगाया जाम
बिजली संकट से परेशान डाबड़ा चौक और अर्बन एस्टेट के दुकानदारों ने शुक्रवार दोपहर कामकाज ठप होने के विरोध में सड़क पर जाम लगा दिया। इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में पुलिस ने दुकानदारों को समझाकर जाम खुलवाया।
उधर, बिजली कटौती से नाराज लोगों ने विद्युत सदन के मुख्य गेट के सामने धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बिजली कर्मचारियों के घरों में बिजली आपूर्ति जारी है, जबकि शहर के लोगों को अंधेरे में रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों और बिजली कर्मियों में तीखी बहस
विद्युत सदन के बाहर धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों और बिजली कर्मचारियों के बीच तीखी बहस हुई। बिजली कर्मियों ने आरोप लगाया कि धरना दे रहे लोग भाजपा से जुड़े हैं और पैसे लेकर प्रदर्शन करने आए हैं। इस पर लोगों ने कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि वे आम नागरिक हैं और बिजली संकट के कारण परेशान होकर विरोध कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कर्मचारियों को अपनी मांगें मनवाने के लिए सरकार से संघर्ष करना चाहिए, न कि आम जनता को परेशानी में डालना चाहिए। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शनकारी बिजली आपूर्ति बहाल होने तक धरने से उठने को तैयार नहीं थे।
फीडर में खराबी के बाद ट्रांसफॉर्मर भी हुआ खराब
शहर में बिजली संकट के पीछे हड़ताल के साथ तकनीकी खराबी ने भी परेशानी बढ़ाई। सेक्टर-13, सेक्टर-16-17, विद्युत नगर, मॉडल टाउन, सेक्टर-9-11, टाउन एंक्लेव और अर्बन एस्टेट में बीती रात से बिजली आपूर्ति ठप रही।
अर्बन एस्टेट के 11 केवी फीडर में ब्रेकडाउन होने के बाद विद्युत नगर स्थित 33 केवी सबस्टेशन से बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया गया, लेकिन वहां ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया। इस तकनीकी गड़बड़ी के चलते 11 केवी लाइनें बंद हो गईं और शहर के बड़े हिस्से में बिजली संकट गहरा गया।